राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरही तहसील के वृंदावन ग्राम बरनमहगवां में आयोजित चौपाल के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और गांव के समग्र विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। चौपाल में पशुधन विकास, कुपोषण मुक्ति, स्वच्छता, कृषि उन्नयन और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कलेक्टर ने घोषणा की कि बरनमहगवां को आदर्श वृंदावन ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां ग्रामीण विकास के सभी मानकों पर उत्कृष्ट कार्य किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को गांव की आवश्यकताओं का विस्तृत सर्वे कर विभागवार रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान पशुपालकों ने शिकायत की कि क्षेत्र के सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी सुखलाल प्रजापति नियमित रूप से गांव नहीं आते, जिससे पशुधन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी की दो वेतन-वृद्धियां रोकने के निर्देश दिए। वहीं बरही की पशु चिकित्सक डॉ. खुशबू जैन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
पशुधन विकास को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को गांव में सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर में कृत्रिम गर्भाधान, पशु स्वास्थ्य परीक्षण, उन्नत नस्ल संवर्धन तथा गौवंशों के टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर सुझाव मांगे और कहा कि गांव का विकास तभी सार्थक होगा जब योजनाएं ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार की जाएं। उन्होंने पटवारी को फौती, नामांतरण, फार्मर आईडी और ई-केवाईसी से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कुपोषण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियां बढ़ाने, ग्रामीण रोजगार के अवसर सृजित करने और स्वच्छता अभियान को गति देने के निर्देश भी दिए गए। चौपाल के दौरान प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का मौके पर निराकरण कर प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय दिया।
इस अवसर पर एसडीएम विवेक गुप्ता, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, जनपद पंचायत बड़वारा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एपीओ डॉ. अजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।