राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले के जुहली मोड़ क्षेत्र में रविवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक नाबालिग युवक के साथ कथित रूप से मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने के आरोपों को लेकर ग्रामीण सड़क पर उतर आए। आक्रोशित ग्रामीणों ने एनकेजे थाना पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जुहली मोड़ पर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने एक नाबालिग युवक को निर्वस्त्र कर उसके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं पीड़ित पक्ष ने भी प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। मामले में पुलिस पर लगाए गए आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया या आरोपों की पुष्टि सामने नहीं आई है।
अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं।