फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।
कस्बे में प्रस्तावित थाना परिसर के नए निर्माण को लेकर भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने सोमवार को उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल से भेंट कर लंबित प्रक्रिया को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया।
जानकारी के अनुसार, नगर में बंद पड़ी रबर फैक्ट्री परिसर में संचालित वर्तमान थाना भवन जर्जर स्थिति में है। इसे नगर के भीतर रोडवेज एवं रेलवे स्टेशन के समीप सिंचाई विभाग की भूमि पर स्थानांतरित कर नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इस संबंध में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा भेजी गई पत्रावली को जिलाधिकारी बरेली ने अक्टूबर 2025 में प्रमुख सचिव सिंचाई विभाग को अग्रिम स्वीकृति के लिए प्रेषित किया था, जो अभी तक लंबित है। इसी कारण थाना निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका है।
भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर पत्र सौंपते हुए आग्रह किया कि सिंचाई विभाग में लंबित भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को शीघ्र स्वीकृत कराया जाए, ताकि थाना निर्माण का कार्य प्रारंभ हो सके। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से बेहतर और सुविधाजनक थाना भवन की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान थाना भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में है, जहां बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या बनी रहती है। साथ ही फरियादियों को लगभग एक किलोमीटर पैदल चलकर थाने तक पहुंचना पड़ता है, जिससे आमजन को भारी असुविधा होती है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र अग्रिम कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली