फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।
कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में मंगलवार को भी अस्पताल बंद रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच रिपोर्ट न मिलने के कारण अभी तक पुलिस द्वारा कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जिससे मामला अटका हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात गांव ठिरिया खेतल निवासी राजकुमारी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने निजी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि अस्पताल संचालक का दावा है कि मरीज को रेफर किया गया था और मौत बरेली के एक अन्य निजी अस्पताल में हुई।
घटना के बाद सोमवार को परिजनों के विरोध पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। वहीं, खिरका सीएचसी प्रभारी संचित शर्मा ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल पर चिकित्सा प्रतिबंध का नोटिस चस्पा किया और अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
सीएचसी प्रभारी के अनुसार, मंगलवार तक अस्पताल संचालक ने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए हैं और न ही पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी गई है, जिसके चलते विभागीय कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। रिपोर्ट में दोष सिद्ध होने पर अस्पताल संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली