राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में नगर निगम प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित मैरिज गार्डनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विवाह स्थलों को सील कर दिया है। निगम की इस कार्रवाई से मैरिज गार्डन संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि बिना वैधानिक अनुमति और नियमों के विपरीत संचालित होने वाले संस्थानों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मंगलवार को नगर पालिक निगम कटनी की टीम ने इंदिरा गांधी वार्ड के नदीपार क्षेत्र स्थित चौरसिया मैरिज गार्डन तथा महाराणा प्रताप वार्ड के बरगवां क्षेत्र स्थित दिव्यांचल मैरिज गार्डन को सील कर दिया। दोनों विवाह स्थलों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
निगम प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई “मध्यप्रदेश नगर पालिका विवाह स्थल पंजीयन एवं आदर्श उपविधि-2020” के उल्लंघन के चलते की गई। जांच में पाया गया कि चौरसिया मैरिज गार्डन की अनुज्ञप्ति का समय पर नवीनीकरण नहीं कराया गया था, जबकि दिव्यांचल मैरिज गार्डन बिना आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा था।
– अंशुमान सिंह, नोडल अधिकारी कॉलोनी सेल :
“दोनों संचालकों को पहले ही नोटिस जारी कर नियमों के अनुसार पंजीयन और अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते निगम प्रशासन को वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों मैरिज गार्डनों को सील करना पड़ा।”
नोडल अधिकारी अंशुमान सिंह ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित सभी मैरिज गार्डनों के लिए पंजीयन और अनुज्ञप्ति अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य संस्थानों के विरुद्ध भी इसी प्रकार की कार्रवाई आगे जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित निगम का अमला मौजूद रहा। वहीं निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए केवल वैध एवं पंजीकृत विवाह स्थलों का ही चयन करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
फिलहाल निगम की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य मैरिज गार्डन संचालकों में भी हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।