राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिलेभर से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे नागरिकों की आवाज मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में सुनी गई। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने 190 आवेदकों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल एवं डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंह उईके ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने राजस्व, विद्युत, कर्मचारी भविष्य निधि एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
ग्राम परसवारा निवासी रमुआ पटेल ने भूमि अभिलेख में रकबा गलत दर्ज होने की शिकायत करते हुए बताया कि उनकी भूमि खसरा क्रमांक 724 का वास्तविक रकबा 0.44 हेक्टेयर है, जबकि रिकॉर्ड में मात्र 0.14 हेक्टेयर अंकित है। उन्होंने रिकॉर्ड में सुधार कर वास्तविक रकबा दर्ज करने की मांग की।
वहीं ग्राम सिजहनी निवासी संदीप कुमार कोरी ने भूमि रिकॉर्ड में नाम सुधार नहीं होने की समस्या बताते हुए कहा कि तहसील कार्यालय में आवेदन देने के बावजूद अब तक उनका नाम दस्तावेजों के अनुरूप दर्ज नहीं किया गया है।
जनसुनवाई में ग्राम बिचपुरा की बुजुर्ग महिला प्यारी बाई कोल ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की जमा राशि का भुगतान न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुटेश्वर लाइम स्टोन माइंस से सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें उनकी जमा राशि प्राप्त नहीं हुई है, जिससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी प्रकार ग्राम बड़ागांव निवासी वृंदावन साहू ने खेत से गुजर रही विद्युत लाइन के तार अत्यधिक नीचे होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे जान-माल की हानि का खतरा बना रहता है तथा कृषि कार्य करने में भी कठिनाई होती है। उन्होंने तारों को ऊंचा कराने अथवा अन्य वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पात्र शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाएगा।