मंगलवार की देर रात चार गांवों में चोरों ने दी दस्तक, लाखों के जेवर व नकदी पार, क्षेत्र में भय का माहौल सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
थाना सिरौली क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की देर रात बेखौफ चोरों ने सीरियल क्राइम (श्रंखलाबद्ध तरीके) को अंजाम देते हुए पुलिस गश्त की पोल खोल दी। चोरों ने क्षेत्र के चार अलग-अलग गांवों—मैन गौटिया, ढाकपुरा लभारी, गणेशपुर और लभारी में धावा बोलकर जमकर तांडव मचाया। इस दौरान एक घर में सो रही महिला की कनपटी पर तमंचा तानकर कुंडल लूट लिए गए, जबकि अन्य घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी साफ कर दी गई। ताबड़तोड़ हुई इन वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मैन गौटिया से शुरुआत, ग्रामीणों ने खदेड़ा
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले मैन गौटिया गांव में गजराम के घर को निशाना बनाने का प्रयास किया। हालांकि, वहां ग्रामीण जाग रहे थे। ग्रामीणों की आहट मिलते ही चोरों को पहचान लिया गया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया गया। इसके चलते चोर वहां कोई वारदात नहीं कर सके।
कनपटी पर तमंचा तानकर लूटे कुंडल
इसके बाद चोरों का गिरोह ढकपुरा लभारी गांव में योगेंद्र के घर में दाखिल हुआ। योगेंद्र की पत्नी भावना अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं, जबकि उनके पति और ससुर खेत पर गए हुए थे। इसी बीच एक नकाबपोश बदमाश ने भावना की कनपटी पर तमंचा तान दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर जबरन महिला के कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गया।
मैं बच्चों के साथ सो रही थी, तभी नकाबपोश बदमाश ने मेरी कनपटी पर तमंचा रख दिया। डर के मारे मेरी चीख निकल गई, उसने जबरन मेरे कुंडल उतरवा लिए।”
भावना (पीड़ित महिला)
सीढ़ी के सहारे छत से घर में उतरे चोर
ढकपुरा के बाद चोरों ने लभारी निवासी राजकुमार के घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर के बाहर रखी सीढ़ी का इस्तेमाल किया और छत के रास्ते अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर संदूक में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। आहट होने पर छत पर सो रही राजकुमार की मां, बहन और भाभी की आंख खुल गई। महिलाओं द्वारा शोर मचाने पर चोर माल समेटकर भाग निकले।
गणेशपुर में भी चोरी, सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध
चोरों का अगला निशाना गणेशपुर गांव बना, जहां उन्होंने हुलासी सिंह के घर को खंगाला। चोरों ने यहां भी संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 11 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर के दरवाजे खुले और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। गांव में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति भागता हुआ दिखाई दिया है।
एक ही रात में चार गांवों में हुई चोरी और लूट की वारदातों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय है। सूचना मिलते ही सिरौली पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली