इंडियन टीवी न्यूज़ सुशील चौहान
सिवनी
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से निरीक्षण एवं जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में बुधवार को बरघाट तहसील के ग्राम गंगेरुआ में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शुभम बेकरी शॉप में विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की गई।चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा की गई प्राथमिक जांच में पनीर एवं फ्रोजन मटर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा इनके नमूने लेकर आगे की परीक्षण कार्रवाई की गई।साथ ही प्रतिष्ठान में रखी कुछ खाद्य सामग्री जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 500 रुपये थी को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
अभियान के दौरान नवदुर्गा बीकानेर स्वीट्स एवं सोनी होटल का भी निरीक्षण किया गया।दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से उनकी प्राथमिक जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में इस प्रकार की जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।