बरेली आंवला।
आंवला में आजाद समाज पार्टी काशीराम के जिला संगठन मंत्री को भूमि विवाद में जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने बुधवार को सीओ आंवला से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। संगठन मंत्री ने अपने साथ किसी अनहोनी घटना की आशंका जताई है।
आंवला थाना क्षेत्र के फुंदननगर निवासी किशन जाटव, जो आजाद समाज पार्टी काशीराम के जिला संगठन मंत्री और भीम आर्मी एकता मिशन काशीराम के कार्यकर्ता हैं, ने सीओ आंवला को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनका गांव के ही कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा है।
किशन जाटव के अनुसार, इस भूमि का बंटवारा एसडीएम न्यायालय से हो चुका है और सभी पक्ष अपने-अपने हिस्से पर काबिज हैं। इसके बावजूद, दूसरे पक्ष के लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं। उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और व्हाट्सएप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं।
शिकायत में बताया गया है कि धमकी देने वाले कहते हैं, “तुझे भीम आर्मी के सदस्यों के सामने पीट-पीट कर जान से मार दूंगा। यदि तू रास्ते में या आंवला में मिला तो आंवला के लड़कों द्वारा सबक सिखवा दूंगा।” पीड़ित ने अपने साथ कोई अनहोनी घटना होने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली