दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
अपना दल (एस) विधानसभा दुद्धी-403 की मासिक संगठनात्मक बैठक बुधवार को उत्सव वाटिका, दुद्धी में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने तथा आगामी 2 जुलाई को लखनऊ में आयोजित पार्टी संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती समारोह की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोंड तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राम सुरेश कुशवाहा, जिला अध्यक्ष पंचायत मंच, सोनभद्र उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने की।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी शक्ति होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में नियमित बैठकें आयोजित करने तथा लंबित सेक्टर समितियों का गठन शीघ्र पूरा कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ और सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन की सफलता की आधारशिला हैं।
बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक कार्यकर्ता के घर पर अपना दल (एस) का ध्वज लगाने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी 2 जुलाई को लखनऊ में आयोजित जयंती समारोह में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल दलितों, शोषितों, वंचितों, पिछड़ों, किसानों एवं कमजोर वर्गों की सशक्त आवाज थे। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और वंचित समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।
बैठक में हसनैन अंसारी, अमर सिंह खरवार, रमेश गुप्ता, गुलाब जायसवाल, राम अवतार, हरिप्रसाद मंत्री, राम मनोहर पटेल, दिनेश गुप्ता, रामबरन बैसवार, राजेंद्र प्रसाद गोंड, तुषार पटेल, सुरेश पासवान, ओम प्रकाश, प्रांजल, सतीश कुमार, श्रवण कुमार, अंशुल कुमार, लोकेश कुमार, अवनीश कुमार, उमेश कुमार, महेंद्र जायसवाल एवं सोनू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।