ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन
पीएम केंद्रीय विद्यालय 14 जीटीसी, सुबाथू में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर 14 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर के 30 अभिभावकों एवं समुदाय के सदस्यों ने विद्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय तथा विद्यालय परिसर की अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित किया।
भ्रमण के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संचालित आधुनिक शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग तथा अनुभवात्मक शिक्षण पद्धतियों की सराहना की। उन्होंने स्मार्ट कक्षाओं में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, गतिविधि-आधारित शिक्षण, कौशल विकास पर आधारित शिक्षण गतिविधियों तथा नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को निकट से देखा। अभिभावकों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, संवाद कौशल, अनुशासन एवं सीखने के प्रति उत्साह की भी प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय में पिछले कुछ वर्षों में हुए उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तनों, शैक्षणिक उपलब्धियों, स्वच्छ एवं आकर्षक परिसर तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आशा चौधरी ने सभी अभिभावकों एवं 14 जीटीसी के अधिकारियों का विद्यालय को निरंतर सहयोग एवं समर्थन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और समुदाय के मध्य सुदृढ़ सहभागिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने यह भी कहा कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होती है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यालय और समाज के बीच विश्वास, सहयोग तथा उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत बनाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सहभागितापूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी अभिभावकों से विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम का सफल समन्वय सुनील कुमार, सुषमा एवं विपिन रमोला द्वारा किया गया। यह गतिविधि प्राचार्या के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।