बदायूं से राघवेंद्र सिंह जिला संवाददाता
बदायूं:
बदायूं, उत्तर प्रदेश। जनपद बदायूं में दर्ज अपहरण, एससी/एसटी अत्याचार एवं लूट से जुड़े एक मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले के वांछित आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
पीड़िता चांदनी (किन्नर) पुत्री श्री ओमकार सिंह, निवासी ग्राम हजरतपुर, तहसील दातागंज, ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि एफआईआर संख्या 0059/2026 में नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिनकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित पक्ष ने दावा किया है कि पूर्व में भी संबंधित लोगों पर गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगे हैं। इसी आधार पर परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की जाए, मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एवं अन्य वैधानिक धाराओं में कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है