कोण्डागांव।
छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से एक तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ओडिशा के शिक्षा मंत्री के भांजे समेत चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग ओडिशा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।