किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।
राजधानी रायपुर के मौदहापारा इलाके में स्थित जया ऑटोमोबाइल में मंगलवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। घटना में प्रतिष्ठान को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना है, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी।