राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में थाना कुठला क्षेत्र के इंदिरा नगर तिराहे पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से थाना कुठला पुलिस ने इंदिरा नगर तिराहे पर व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी अखलेश दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर सफर करने वाले तथा बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने वाले चालकों को रोककर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चलानी एवं वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक भी किया।
थाना प्रभारी अखलेश दहिया ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर करने की अपील की है।