राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में विकास कार्यों की रफ्तार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर महापौर प्रीति संजीव सूरी एक्शन मोड में नजर आईं। नगर निगम के लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर ने सड़क, भवन और स्कूलों से जुड़े निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने चौपाटी निर्माण कार्य, घंटाघर से जगन्नाथ चौक तक सड़क चौड़ीकरण, निर्माणाधीन ए. रविंद्रराव शाला भवन, पुरवार शाला भवन सहित जर्जर स्कूल भवनों के मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित और प्रगतिरत डामरीकरण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
:
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से स्कूल भवनों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
महापौर प्रीति संजीव सूरी
“शिक्षा किसी भी समाज की सबसे मजबूत नींव होती है। बेहतर स्कूल भवन और मूलभूत सुविधाएं बच्चों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसलिए स्कूलों से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।”
बैठक में बस स्टैंड क्षेत्र के क्षतिग्रस्त डिवाइडरों के सुधार, प्रमुख मार्गों के उन्नयन, सड़क चौड़ीकरण और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों पर भी चर्चा की गई। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन और स्वच्छ शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है।
महापौर ने वर्षा ऋतु से पहले स्कूल भवनों की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय समन्वय, जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि विकास और शिक्षा दोनों ही शहर के समग्र विकास के मजबूत आधार हैं।
समीक्षा बैठक में प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन सहित सभी क्षेत्रीय उपयंत्री मौजूद रहे। अब देखना होगा कि महापौर के निर्देशों के बाद विकास कार्यों की रफ्तार कितनी तेज होती है।