राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
एन.के.जे. थाना पुलिस ने लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए तीन दोस्तों ने मिलकर लूट की पूरी साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को हीरापुर कौड़िया निवासी 23 वर्षीय अभिषेक रजक ने थाना एन.के.जे. में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी नर्मदा वेयरहाउस मोड़ के पास तीन अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही गुलशन चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों करण रैकवार और दीपांशु सेन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चाकू और एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में गाताखेड़ा निवासी गुलशन चौधरी, ईश्वरीपुरा निवासी करण रैकवार और कैलवारा मोड़ निवासी दीपांशु उर्फ सागर सेन शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रुपेंद्र राजपूत सहित थाना एन.के.जे. स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।