किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को उत्सवमय बनाने के लिए 16 जून को प्रदेश के प्रत्येक स्तर पर शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा स्कूल प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया जाए और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालकों, स्कूल प्रबंधन समितियों तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, पुष्प देकर और मिठाई खिलाकर स्वागत करने के साथ-साथ विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पौधारोपण तथा शिक्षा जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन को उत्साहपूर्वक और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा विभाग का मानना है कि शाला प्रवेश उत्सव बच्चों में विद्यालय के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति समाज की भागीदारी बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।