लोधा।
थाना क्षेत्र के खेरेश्वर चौराहे के समीप शनिवार की देर रात श्रीराम कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई जब पड़ोसियों ने मकान का टूटा ताला देखा और मकान स्वामी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोंडा क्षेत्र के गांव मुड़िया निवासी सतेंद्र कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार खेरेश्वर मंदिर के समीप स्थित श्रीराम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। सतेंद्र कुमार पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत थे, लेकिन बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ दी और शिक्षक भर्ती में चयनित होकर शिक्षा विभाग में शामिल हो गए। वर्तमान में वह प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। बताया गया है कि उनके बेटे की तबीयत खराब होने के कारण 30 मई को वह अपने परिवार के साथ पैतृक गांव मुड़िया चले गए थे। पत्नी और बेटा गांव में ही रुके हुए थे, जबकि सतेंद्र कुमार बीच-बीच में अलीगढ़ आकर मकान की देखरेख कर वापस लौट जाते थे। तीन दिन पहले वह मकान पर आए थे तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन रविवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का मुख्य ताला टूटा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल सतेंद्र कुमार को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर सतेंद्र कुमार परिवार सहित मौके पर पहुंचे। घर के अंदर प्रवेश करने पर देखा कि कमरों की अलमारियां खुली हुई थीं और उनमें रखा सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी से जेवरात और नगदी निकालकर ले गए थे। वहीं खाली डिब्बे, पर्स और कपड़े मकान के बराबर स्थित खाली प्लॉट में पड़े मिले। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने आराम से बैठकर सामान की तलाशी ली और कीमती वस्तुएं चुनकर अपने साथ ले गए। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 35 तोला सोने बने विभिन्न आभूषण हार, अंगूठी, कंठी, मंगलसूत्र, चूड़ी, मर्दाना अंगूठी, चैन, नैकलेस, लौंग व करीब आधा किलो चांदी से बने पांच जोड़ी तोड़िया, 8 जोड़ी बिछिया, कौंधनी, लच्छे, खड़वा आदि जेवरात तथा लगभग 90 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाए जाने की आवश्यकता है ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। घटना की सूचना पर थाना लोधा पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर पहुंची। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जल्द ही चोरों तक पहुंचा जा सकेगा। थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। सर्विलांस और एसओजी टीम के सहयोग से मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट योगेश उपाध्याय अलीगढ