दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
जनगणना में आदिवासी धर्म कोड समेत 8 सूत्री एजेंडा को लेकर म्योरपुर बाजार से जिलास्तरीय यात्रा की शुरूवात की गई। आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट द्वारा आयोजित रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान की इस यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और म्योरपुर बाजार, रासपहरी व खैराही में जनसंपर्क किया। इस दौरान 8 सूत्री एजेंडा का पर्चा वितरण भी किया गया। इसकी जानकारी देते हुए आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपा शंकर पनिका और रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान के संयोजक इंजीनियर रामकृष्ण बैगा ने बताया कि 9 अगस्त से शुरू हो रही पूर्वांचल यात्रा को सफल बनाने के क्रम में यह यात्रा संचालित हो रही है। जिसके 8 सूत्री एजेंडा को सरोकारी नागरिकों, दलित, आदिवासी, अति पिछड़ों, युवाओं, महिलाओं समेत समाज के सभी हिस्सों तक पहुंचाना है।
सोनभद्र यात्रा के 8 सूत्री एजेंडा में प्रमुख रूप से जनगणना में आदिवासी धर्म कोड व अन्य पिछड़ा वर्ग का जाति का कालम जोड़ने, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन व भूमिहीन को आवासीय जमीन का अधिकार की गारंटी, सोनभद्र से पूंजी पलायन पर रोक,माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की लूट पर रोक एवं महिला स्वयं सहायता समूहों व नौजवानों के उद्यम के लिए 4 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन, कोल व धांगर को आदिवासी का दर्जा व अतिपिछड़ों को अलग आरक्षण कोटा, वनाधिकार कानून को लागू करना, दलित-आदिवासी के विकास का बजट बढ़ाने और रोजगार व जन कल्याण के लिए संसाधन हेतु कारपोरेट व अरबपतियों की सम्पत्ति पर टैक्स लगाने, प्राकृतिक संसाधन की लूट व निजीकरण पर रोक और पर्यावरण की रक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। यात्रा में नेताओं ने कहा कि 1961 से पहले जनगणना में आदिवासी समुदाय के लिए अलग धर्म कोड के प्रावधान को फिर से लागू कर आदिवासी पहचान के अधिकार को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
यात्रा में राजेंद्र प्रसाद गोंड, इंद्रदेव खरवार, सविता गोंड, रूबी सिंह गोंड, राम किशुन गोंड, मंगरू प्रसाद श्याम, ललित गोंड, देवकुमार खरवार, समरजीत गोंड, गुलशन गोंड, मोहर लाल गोंड, शकुंतला गोंड, महावीर गोंड, राम विचार गोंड, सुगवंती गोंड, फूलमती गोंड, ओम प्रकाश जायसवाल आदि लोग शामिल रहे।