फतेहगंज पश्चिमी।
निवेश और स्टॉक ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी ऋषभ कुमार मल्होत्रा से साइबर ठगों ने निवेश और स्टॉक ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 4 लाख 80 हजार रुपये की ठगी कर ली थी। मामले की जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा कर रही थी।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दिल्ली पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में दबिश दी। अपराध शाखा के दरोगा गौरव कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में रहपुरा जागीर निवासी सोनू और मिलक इमामगंज निवासी रंजीत को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों का नाम साइबर ठगी के नेटवर्क में सामने आया था। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई, जहां उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि दिल्ली साइबर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दिल्ली ले जाया गया है।
निवेश का झांसा, लाखों की ठगी
साइबर अपराधी इन दिनों स्टॉक ट्रेडिंग, निवेश और ऑनलाइन कमाई के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से किसी भी अनजान निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने की अपील की है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली