किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में एक किराना व्यापारी से ढाई लाख रुपये की ठगी के मामले में तारबाहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रोगदा निवासी जनकराम साहू 12 जून को व्यापार विहार में किराना सामान खरीदने आए थे। उनके पास एक थैले में लगभग ढाई लाख रुपये नकद रखे हुए थे।
इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे और खुद को अयोध्या का पंडित बताते हुए जल्द अमीर बनने का झांसा देने लगे। बातचीत के दौरान उन्होंने व्यापारी का विश्वास जीत लिया और चालाकी से नकदी से भरा थैला लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने के बाद तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अजनबी के झांसे में आकर नकदी या कीमती सामान न सौंपें और इस तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।