राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्यसभा सांसद विवेक तनखा ने कटनी रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से लंबित विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। इस पहल से जिले के हजारों यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
व्यापारिक और माइनिंग हब के रूप में पहचान रखने वाला कटनी देश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शामिल है। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के कटनी स्टेशन पर स्टॉपेज की मांग की है।
सांसद विवेक तनखा ने पत्र में गाड़ी क्रमांक 12141-42 राजेंद्र नगर-कुर्ला एक्सप्रेस, 11055-56 एलटीटी-गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, 11059-60 एलटीटी-छपरा एक्सप्रेस, 11053-54 एलटीटी-आजमगढ़ एक्सप्रेस, 12293-94 एलटीटी दूरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा 22111-12 अमृत भारत अयोध्या एक्सप्रेस के कटनी में ठहराव की मांग रखी है।
इसके साथ ही सांसद तनखा ने पुणे रूट पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए नई ट्रेन शुरू करने की आवश्यकता भी बताई है। उन्होंने सुझाव दिया है कि शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस को पुणे तक विस्तारित किया जाए, जिससे मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क और मजबूत हो सके।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि कटनी मुड़वारा और साउथ स्टेशन शुरू होने के बाद मुख्य स्टेशन पर ट्रैफिक का दबाव कम हुआ है। ऐसे में इन ट्रेनों के ठहराव से रेलवे को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा और कटनी सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा अंशु के आग्रह पर उठाए गए इस मुद्दे को लेकर उन्होंने सांसद विवेक तनखा का आभार व्यक्त किया है। वहीं पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा भी यह जानकारी दी जा चुकी है कि संबंधित ट्रेनों के स्टॉपेज का प्रस्ताव रेल मंत्रालय के विचाराधीन है।
अब देखना होगा कि रेल मंत्रालय कटनीवासियों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर कब फैसला लेता है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो जिले के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।