राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
मानसून की दस्तक से पहले जिले के जर्जर शाला भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने 82 चिन्हित शाला भवनों के मेजर मरम्मत कार्य आगामी 10 दिनों के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें और स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें, ताकि बारिश शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को सुरक्षित भवन उपलब्ध हो सकें।
रीठी सीईओ को चेतावनी, नगर निगम अधिकारी को नोटिस के निर्देश
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित आवेदनों की समीक्षा के दौरान विकासखंड रीठी में समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक पाए जाने पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को चेतावनी दी। वहीं बड़वारा जनपद सीईओ को भी लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नगर निगम की जन्म-मृत्यु शाखा के प्रभारी अधिकारी सागर नायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
जनकल्याण शिविरों के सभी आवेदन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याण शिविरों में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों को शत-प्रतिशत पोर्टल पर दर्ज किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर जोर
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को 50 और 100 दिनों से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत भी प्राथमिकता में
महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जर्जर एवं मरम्मत योग्य आंगनबाड़ी भवनों का सुधार कार्य भी शीघ्र कराया जाए, ताकि बच्चों और कार्यकर्ताओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
समान नागरिक संहिता पर सुझाव देने की अपील
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने कर्मचारियों और आम नागरिकों को 22 जून तक समान नागरिक संहिता के लिए निर्धारित वेबसाइट पर सुझाव और फीडबैक देने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने जिलेवासियों से भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।
फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री, सीमांकन, नामांतरण और फार्मर आईडी बकेटिंग के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि लंबित सीमांकन मामलों के निराकरण के बाद ही स्थानांतरित पटवारियों को कार्यमुक्त किया जाए।
बैठक में उर्वरक उपलब्धता, मलेरिया उन्मूलन, छात्रावासों की व्यवस्थाएं, संबल योजना, ज्ञान भारतम अभियान तथा ऐतिहासिक अभिलेखों के डिजिटलीकरण सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, विभिन्न एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।