किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
भिलाई।
भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला महिला मोर्चा के तत्वावधान में सुपेला स्थित नेहरू भवन के पास निःशुल्क नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में मोतियाबिंद की जांच के साथ अन्य आवश्यक नेत्र परीक्षण भी किए गए। जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई, वहीं मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन का संपूर्ण खर्च आयोजकों द्वारा वहन करने की घोषणा की गई।
नेत्र परीक्षण के बाद पात्र लोगों को निःशुल्क चश्मों का भी वितरण किया गया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रहा। इस जनहितकारी पहल को स्थानीय नागरिकों ने सराहा और बड़ी संख्या में शिविर में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी, विधायक डोमनलाल कोसेवाड़ा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती स्वीटी कौशिक, महिला मोर्चा की समस्त टीम, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं ओबीसी मोर्चा के वरिष्ठ नेता कन्हैया सोनी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लगातार कार्य करती रही है और ऐसे स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।