किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बीजापुर।
माओवादी हिंसा से लंबे समय तक प्रभावित रहे बीजापुर जिले के सुदूर ग्रामीण इलाकों में शिक्षा की नई शुरुआत होने जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद नए शिक्षा सत्र में जिले के 37 बंद स्कूलों को दोबारा खोला जा रहा है, जिससे वर्षों से शिक्षा से वंचित बच्चों को अपने गांव में ही पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2005 से 2008 के बीच सलवा जुडूम आंदोलन के दौरान माओवादी गतिविधियों के चलते इन स्कूलों का संचालन बंद हो गया था। इसके बाद बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हुई और कई गांवों में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ गई।
अब हालात में सुधार और सुरक्षा बलों की बढ़ी मौजूदगी के चलते प्रशासन ने इन स्कूलों को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। नए भवनों के निर्माण तक विद्यार्थियों की पढ़ाई अस्थायी शेड में संचालित की जाएगी, ताकि शिक्षा कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
प्रशासन का मानना है कि इन स्कूलों के दोबारा खुलने से दूरस्थ गांवों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी और क्षेत्र में विकास तथा सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।