दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
दुद्धी बार एसोसिएशन की पहल पर सोमवार को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड व कंपनी की सीएसआर टीम मुंसिफ कोर्ट परिसर पहुंची और अधिवक्ताओं व वादकारियों के बैठने की असुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने टीन शेड हटाकर आरसीसी लेंटर की पक्की छत बनवाने पर सकारात्मक रुख दिखाई और अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया।
मौके पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, रामपाल जौहरी, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित अधिवक्ता मण्डल मौजूद रहा। अधिवक्ताओं ने बारिश व मौसम की मार से होने वाली परेशानियों और बैठने की असुविधाओं के बारे में टीम को विस्तार से बताया।
हिंडाल्को के मैनेजर (मेंटेनेंस) सुरेश त्रिपाठी और सीएसआर प्रतिनिधि सचिन सिंह ने अधिवक्ताओं की बात गंभीरतापूर्वक सुनी।उसके बाद स्थल का निरीक्षण कर टीन शेड हटाकर आरसीसी लेंटर की छत सुसज्जित रूप में निर्माण कराने पर चर्चा की। टीम ने कहा कि आवश्यक अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा ताकि धन का आवंटन हो सके।
दुद्धी बार के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने इस पहल पर प्रसन्नता जताई और आशा व्यक्त की कि निर्माण जल्द शुरू होकर कोर्ट में बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।