राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों की बैठक लेकर बारिश पूर्व किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में नगर के चिन्हित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों, नाला-नाली सफाई, जल निकासी व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाए और शेष सफाई कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाएं तथा नालों की सफाई के बाद निकले मलबे को तत्काल हटाया जाए।
बैठक में , कुम्हार मोहल्ला, झिंझरी, अर्जुन पैलेस के पीछे, सागर पुलिया, जैन कॉलोनी, राणा होटल के पास स्थित नाला एवं गांधीगंज क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खुले एवं खतरनाक नालों को ढंकने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा बाजार क्षेत्रों में सुचारु जल निकासी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी, टुल्लू पंप, वाहन, विद्युत व्यवस्था और कर्मचारियों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री, स्वच्छता निरीक्षक एवं स्वास्थ्य शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।