राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे अघोषित अहातों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में छापा मारा। नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि स्टेशन के सामने स्थित कॉम्प्लेक्स में शराब दुकान के बगल में बिना अनुमति के अहाता संचालित किया जा रहा है, जहां ग्राहकों के बैठकर शराब सेवन करने की व्यवस्था की गई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां बड़ी संख्या में लोग शराब पीते हुए पाए गए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि परिसर में बाकायदा पोस्टर और बैनर लगाकर बैठने की सुविधा का प्रचार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से बैठक व्यवस्था में उपयोग किए जा रहे सामान सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली है।
कार्रवाई के दौरान कॉम्प्लेक्स के भीतर ही नहीं बल्कि शराब दुकान के बाहर भी लोग खुलेआम शराब का सेवन करते मिले। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में है।
सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी सार्वजनिक स्थान अथवा बिना अनुमति वाले परिसर में शराब सेवन की व्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध अहाते संचालित करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य शराब ठेकेदारों और अवैध रूप से अहाता संचालित करने वालों में भी हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।