ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट
28 जून , बकावंड/जगदलपुर बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायत मालगांव में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। पंचायत भवन की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय भवन के भीतर सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण चल रहा था, जिसमें 10 से 12 महिलाएं और लड़कियां मौजूद थीं। मलबे की चपेट में आने से दो लड़कियां घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शासन की योजना के तहत पंचायत भवन में प्रतिदिन महिलाओं और युवतियों को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जाता है। शनिवार को भी प्रशिक्षण जारी था, तभी अचानक छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसा बड़ा नहीं हुआ, अन्यथा कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
जनप्रतिनिधि ने जताई चिंता
जनपद पंचायत सदस्य नमिता भोलानाथ नाग ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रशिक्षण लेने आईं बहनों और बेटियों का घायल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जिला प्रशासन से पंचायत भवन की तत्काल मरम्मत कराने और भवन सुरक्षित होने तक सिलाई केंद्र को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की मांग की।
तस्वीरों में दिखी जर्जर व्यवस्था
घटना स्थल की तस्वीरों में छत का बड़ा हिस्सा टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। सरिया बाहर निकल आया है और फर्श पर मलबा फैला हुआ है। इससे पंचायत भवन की जर्जर स्थिति साफ नजर आ रही है।