रिपोर्टर: ज़ाकिर ज़ंकार, आहवा (डांग)
आहवा, डांग: जिला पंचायत आहवा-डांग के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जून माह को “मलेरिया विरोधी माह” के रूप में मनाते हुए जिले में मच्छरजनित रोगों के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को मलेरिया, डेंगू तथा अन्य मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षित रखना है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता बैनर लगाकर नागरिकों से मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने की अपील की गई है। लोगों को सप्ताह में एक दिन “मच्छर नाशक दिवस” मनाने, घर और आसपास पानी जमा न होने देने, पानी के सभी बर्तनों को साफ एवं ढककर रखने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही मच्छरदानी का उपयोग करने, मच्छर भगाने वाले साधनों का इस्तेमाल करने तथा किसी भी व्यक्ति को बुखार आने पर तुरंत रक्त जांच कराकर पूरा उपचार लेने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर सर्वेक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को पूरा सहयोग देने की भी अपील की है।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि “तत्काल उपचार, सभी की सुरक्षा” के संदेश के साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही मच्छरजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।