संवाददाता अलीगंज अमृत विचार। ग्राम सचिवों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्राम सचिवों ने खंड विकास अधिकारी मझगवां को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की है। ग्राम सचिवों ने वेतन भुगतान, साप्ताहिक बैठकों सहित अन्य समस्याओं का हवाला देते हुए अधिकारियों से राहत की गुहार लगाई है।
प्रार्थना पत्र में ग्राम सचिवों ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों का पिछले तीन माह से वेतन आहरित नहीं हो सका है। समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वेतन भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग की।
ग्राम सचिवों ने आरोप लगाया कि प्रत्येक सप्ताह सुबह 10 बजे से शाम तक बैठकों में व्यस्त रहना पड़ता है। इसके अलावा शासन द्वारा निर्धारित समय पर जनसुनवाई में भी उपस्थित रहना होता है, जिससे कार्यों का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं द्वारा कार्यालय के बाहर खड़े होकर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतें की जाती हैं, जिससे शिकायतों की संख्या बढ़ रही है।
ज्ञापन में सरकारी वाहन उपलब्ध कराने और वाहन चालक की व्यवस्था करने की भी मांग की गई। ग्राम सचिवों का कहना है कि निजी वाहनों से सरकारी कार्य करने के लिए धनराशि खर्च करनी पड़ रही है।
ग्राम सचिवों ने यह भी आरोप लगाया कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय कई बार उन्हें प्रताड़ित किया जाता है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। उन्होंने मांग की कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए, अन्यथा वे आगे की कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान विकास खंड मझगवां के कई ग्राम सचिव जिनमें नरेश पाल , प्रभात चन्द्र गुप्ता ,युधिष्ठिर सिंह राजदीप कुमार,विकास गौतम प्रियंका यादव, आदि मौजूद रहे। उन्होंने खंड विकास अधिकारी से समस्याओं के निस्तारण की अपेक्षा जताई।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली