आंवला-शाहबाद मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक 16 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब मजदूरी का काम कर घर लौट रहे दो किशोरों की बाइक को एक अनियंत्रित दूध के कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक किशोर की पहचान संग्रामपुर गाँव निवासी 16 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरेश अपने साथी इस्लाम के साथ मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को दोनों किशोर गांव के ही एक सीमेंट विक्रेता के साथ बजरफुट (निर्माण सामग्री) की ढुलाई के काम में लगे थे। काम निपटाने के बाद, वे एक ट्रॉली के पीछे-पीछे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।
तभी आंवला की ओर से आ रहे एक तेज रफ़्तार दूध के कैंटर ने संग्रामपुर के पास उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में नरेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि इस्लाम गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों में कोहराम, ग्रामीणों का आक्रोश
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने लाडले की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक नरेश अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया और मांग की कि कैंटर चालक को तुरंत मौके पर बुलाकर कार्रवाई की जाए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और यातायात सुचारू करवाया।
पुलिस ने घायल इस्लाम को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, मृतक नरेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर अनियंत्रित रफ्तार और सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े करती है। क्षेत्र में इस तरह के तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हो रहे हादसे स्थानीय निवासियों के लिए दहशत का कारण बने हुए हैं।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली