आंवला में महाराणा प्रताप स्वागत द्वार पर बिजली का काम करते समय एक ठेका कर्मचारी की सीढ़ी से फिसलकर गिरने से मौत हो गई। यह घटना नगरिया सतन गांव में स्वागत द्बार के समीप हुई। घायल कर्मचारी को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान 45 वर्षीय अयोध्या प्रसाद उर्फ हीरो के रूप में हुई है, जो विलायतगंज, आंवला का निवासी था। वह नगर पालिका परिषद आंवला के लिए आउटसोर्सिंग पर काम करता था। घटना के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।नगर पालिका अध्यक्ष सैयद आबिद अली ने बताया कि अयोध्या प्रसाद स्वागत द्वार पर लाइन ठीक करने गया था। सीढ़ी से पैर फिसलने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लगभग चार घंटे के उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि पालिका नियमानुसार पीड़ित परिवार को पूरी सहायता दिलाने का प्रयास करेगी।पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रदीप गिरी ने बताया कि यह हादसा स्वागत द्वार पर बिजली ठीक करते समय हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका द्वारा बिजली का काम करने वाले सभी कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण दिए जाते हैं, लेकिन घटना के समय मृतक ने वे उपकरण नहीं पहने थे।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली