जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर तहसील अंतर्गत सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडलिया में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के अंडरपास के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ कुछ देर तक अंडरपास के आसपास दिखाई दिया और इसके बाद खेतों की ओर चला गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में जांच व सर्च अभियान शुरू कर दिया। तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। किसान अपने खेतों में जाने से कतरा रहे हैं, जबकि अभिभावकों ने बच्चों को घर से बाहर अकेले न निकलने की हिदायत दी है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही तेंदुए का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित पकड़ लिया जाएगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि तेंदुआ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और तेंदुए की तलाश जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट: राहुल कुमार…