केशव साहू जिला ब्यूरो
राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव (ग्रामीण) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में आलिवारा–बरगा रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल पर कई स्थानों पर बड़ी दरारें, सड़क धंसने के निशान तथा दरारों पर लीपापोती कर वास्तविक स्थिति छिपाने के प्रयास दिखाई देने का दावा किया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये से निर्मित पुल यदि पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने लगे तो यह केवल तकनीकी खामी नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता, लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार का गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के सचिव विष्णु लोधी ने सरकार से मांग की कि पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेता विजय राज चौहान सहित जिला कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।