राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में बारिश के बीच नगर निगम ने एक संभावित बड़े हादसे को टालते हुए बिरसा मुंडा वार्ड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला आधारकाप के जर्जर हिस्से को ध्वस्त कर दिया। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में स्कूल का एक जर्जर कक्ष, परछी और शौचालय को मशीनों की मदद से सुरक्षित तरीके से हटाया गया।
निगम प्रशासन के अनुसार भवन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए असुरक्षित हो चुका था। लगातार बारिश को देखते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर डिस्मेंटल किया गया, जिससे परिसर में संभावित दुर्घटना की आशंका समाप्त हो गई।
कार्रवाई के दौरान तकनीकी अमला और अतिक्रमण शाखा की टीम मौके पर मौजूद रही। निगमायुक्त ने शहर के अन्य चिन्हित जर्जर भवनों का भी शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि वर्षा ऋतु में नागरिकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।