बरेली पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। एसएसपी बरेली के निर्देशन में तीन कुख्यात अपराधी गिरोहों को जनपद स्तर पर माफिया गिरोह घोषित किया गया है। इनमें दो गिरोह फरीदपुर और एक गिरोह शाही थाना क्षेत्र से जुड़ा है।एसएसपी बरेली के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन संगठित अपराधी गिरोहों का चिन्हीकरण किया है। इनमें पहला गिरोह गौकशी के मामलों में संलिप्त बताया गया है, जिसका सरगना फातुल खान है।दूसरा गिरोह मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा है, जिसका नेतृत्व शेर खान करता है। दोनों गिरोह थाना फरीदपुर क्षेत्र से संबंधित हैं।वहीं तीसरा गिरोह थाना शाही क्षेत्र का है, जो लूट की वारदातों में सक्रिय बताया गया है। इस गिरोह का सरगना नन्हे उर्फ नैने है।पुलिस का कहना है कि इन तीनों गिरोहों को जनपद स्तर पर माफिया घोषित कर इनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अन्य सक्रिय अपराधी गिरोहों की भी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।बरेली पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और संगठित अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।