दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)दुद्धी थाने के अंतर्गत हुई जमकर मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में लम्बे समय से फरार चल रहे तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पावर हाउस, गुलालझरिया के पास मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर देर शाम घेराबंदी कर करीब 8:15 बजे आरोपी दबोचे गए। तलाशी में घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गयी, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना का खुलासा करते हुए बताया गया कि थाना दुद्धी में दर्ज मुकदमा संख्या 192/2026 में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जानलेवा हमला और मारपीट का आरोप था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवप्रसाद पुत्र स्व. विंदेश्वरी, उमेश पुत्र रामप्रसाद तथा सुनील पुत्र रामप्रसाद, ग्राम गुलालझरिया के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर रविवार को तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में दुद्धी पुलिस टीम लगातार वांछित आरोपितों की तलाश कर रही थी। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक चन्दन गिरि, हेड कांस्टेबल खालिद खाँ व कांस्टेबल गणेश मिश्रा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मुखबिर से 11 जुलाई की शाम सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी पावर हाउस, गुलालझरिया के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर किसी भी तरह का मौका न देते हुए आरोपितों को धर दबोचा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।