किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे बेरोजगार अभ्यर्थियों ने राजधानी रायपुर में लंबित सरकारी भर्तियां जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। युवाओं ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वित्तीय स्वीकृति मिलने के बावजूद कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि भर्ती में लगातार हो रही देरी के कारण कई उम्मीदवारों की आयु सीमा भी प्रभावित हो रही है।
युवाओं के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के लगभग 700 पदों पर भर्ती के लिए करीब एक वर्ष पहले ही वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि विभाग में 3,000 से अधिक पद रिक्त हैं। इसी तरह स्कूल शिक्षा विभाग में 5,000 शिक्षक पदों के लिए भी स्वीकृति जारी होने के बावजूद अब तक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।
अभ्यर्थियों ने दावा किया कि राज्य के विभिन्न विभागों में करीब 75 हजार पद खाली हैं। उन्होंने सरकार से सभी स्वीकृत रिक्त पदों पर जल्द विज्ञापन जारी कर पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। साथ ही आयु सीमा में राहत देने की भी अपील की, ताकि लंबे समय से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को अवसर मिल सके।