राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने एक और अहम पहल की है। निगम प्रशासन ने शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त इलाकों में नए पार्किंग और नो पार्किंग साइन बोर्ड लगाने का अभियान शुरू कर दिया है।
पहले चरण में वेंकट लाइब्रेरी, गोल बाजार, रामलीला मैदान और जगन्नाथ चौक ओवरब्रिज के पास नए साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इससे वाहन चालकों को पार्किंग की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
नगर निगम के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर योगेश पवार ने बताया कि इससे पहले सुभाष चौक से स्टेशन रोड तक नो पार्किंग बोर्ड और विश्वकर्मा पार्क के पास अधिकृत पार्किंग का संकेतक लगाया जा चुका है। अब शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर भी चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जाएगा।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नो पार्किंग क्षेत्रों में दोपहिया, चारपहिया, ऑटो, ठेला या किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि कटनी में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जाममुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।