किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग/भिलाई। के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पिछले तीन दिनों के भीतर कक्षा 9वीं-ए की आठ छात्राओं के अचानक बेहोश होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जिला शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है और छात्राओं की काउंसलिंग के लिए मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों की टीम को स्कूल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, घटनाक्रम 9 जुलाई से शुरू हुआ। सबसे पहले एक छात्रा को चक्कर आया, जिसके बाद अन्य छात्राएं भी अचानक चीखने-चिल्लाने लगीं, उनके हाथ-पैर अकड़ गए, कुछ रोने लगीं और फिर बेहोश हो गईं। सभी छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अधिकांश की मेडिकल जांच रिपोर्ट सामान्य आई।
11 जुलाई को दो और छात्राओं की तबीयत इसी तरह बिगड़ी। इसके बाद सोमवार को भी दो छात्राएं प्रभावित हुईं। इनमें से एक छात्रा में सिकल सेल से जुड़ी समस्या सामने आई, जबकि दूसरी की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य रही।
अब तक सामने आए सभी मामले कक्षा 9वीं-ए की छात्राओं से जुड़े हैं। स्कूल की अन्य कक्षाओं, सुबह की शिफ्ट के विद्यार्थियों या शिक्षकों में ऐसी कोई समस्या नहीं देखी गई है।
स्कूल की प्राचार्य सुनीता दीवान ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला मनोवैज्ञानिक कारणों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। एहतियात के तौर पर 9वीं-ए का कक्षा कक्ष बदल दिया गया है और विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं की काउंसलिंग की जा रही है।
जिला शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और बच्चों का मनोबल बनाए रखें।