शामली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खेड़ीकरमू क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को ग्राम खेड़ीकरमू निवासी अंजली पत्नी सतीश कुमार अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना कोतवाली शामली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया।
14 जुलाई को चेकिंग के दौरान बाईपास क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फहीम उर्फ छोला पुत्र सलीम, निवासी किदवईनगर, थाना खालापार, जनपद मुजफ्फरनगर, गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी शामली ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं उसका साथी आदी उर्फ अदनान अंधेरे और खड़ी फसल का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बरामदगी:
लूटी गई सोने की चेन
एक तमंचा .315 बोर
दो जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस
होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (UP12CE2241)
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पर मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चेन स्नैचिंग और पुलिस पर फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ब्यूरो चीफ: तल्हा मिर्ज़ा, शामली