बरेलीआंवला थाना सिरौली क्षेत्र के ग्राम सुनरासी के निवासी 30 वर्षीय ऋषिराज की हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के स्वजनों ने गांव की ही एक महिला समेत अन्य लोगों पर गहरी साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक के स्वजनों के अनुसार, ऋषिराज हमीरपुर स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही सतपाल की पत्नी संतोष ने फोन कर उसे किसी बहाने से बुलाया और बाद में उसे सुनसान जंगल में ले जाकर अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव वहीं छोड़कर फरार हो गए।
मृतक की बहन ने बताया कि कुछ माह पूर्व भी आरोपियों ने ऋषिराज पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन उस समय ग्रामीणों की तत्परता से वह बच गया था। स्वजनों का दावा है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते इस बार उसे सुनियोजित तरीके से मौत के घाट उतार दिया गया।
सूचना मिलने पर हमीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद स्वजनों को सौंप दिया। शनिवार को जैसे ही शव गांव पहुंचा। ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग उठाई।
नवाबपुर पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि हत्या की घटना हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में हुई है। इसलिए मामले की जांच और अग्रिम विधिक कार्रवाई वहीं की पुलिस द्वारा की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
रिपोर्टर प्रवीन कुमार सक्सेना आंवला बरेली