दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीराचक गांव के पास एनएच-39 दुद्धी-विंढमगंज मार्ग पर शुक्रवार रात लगभग 9 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवढ़ी गांव निवासी 35 वर्षीय अखिलेश पुत्र स्व. शिव प्रसाद और उनके पड़ोसी 25 वर्षीय अंकुर पुत्र छडू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक शादी की रस्म पूरी कर अखिलेश के ससुराल हीराचक से अपने घर देवढ़ी लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-39 पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर विंढमगंज थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा मृतकों की पहचान कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंचे और मौके पर कोहराम मच गया।
पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मामले की जांच तथा दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
विंढमगंज थाना पुलिस ने दुर्घटना का कारण और वाहन की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और राहगीरों के जानकारी के अनुसार जांच शुरू कर दी है।