गोण्डा । स्थानांतरण के बाद आजमगढ़ रवाना होने से पहले करनैलगंज उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने अपने कार्यकाल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि को अंतिम रूप देते हुए शुक्रवार को तहसील भवन विस्तार के लिए भूमि पूजन किया। यह भूमि वही है, जिसे उनके नेतृत्व में अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया था।
तहसील परिसर के निकट लगभग 65 बीघा नजूल भूमि वर्षों से अवैध कब्जे में थी। लंबे समय तक इस भूमि को खाली कराने की कार्रवाई नहीं हो सकी थी, लेकिन नेहा मिश्रा ने प्रशासनिक पहल करते हुए पूरी भूमि को कब्जामुक्त कराया। कब्जा हटने के बाद करीब पांच बीघा भूमि तहसील भवन के विस्तार के लिए सुरक्षित की गई, जबकि शेष भूमि नगर पालिका परिषद को सौंप दी गई।
भूमि पूजन के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने नेहा मिश्रा को फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी। सम्मान समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। विदाई के समय नेहा मिश्रा ने क्षेत्रवासियों के स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि करनैलगंज में मिले अनुभव और लोगों का अपनापन हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हितेश सिंह, लेखपाल विकास सिंह, महंत सुनील पुरी, दीपक तिवारी, संजय पांडेय, महेंद्र सिंह, नीलम सिंह, सुनीता सिंह, अमरेंद्र सिंह, पप्पू विश्वकर्मा, सनी वर्मा, बलबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट -श्रीनाथ रस्तोगी