शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN
सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा थाना क्षेत्र के घुरहू महादेव गांव में एक गर्भवती विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय धूपा के रूप में हुई है, जिसकी शादी गांव निवासी विनोद से हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि धूपा करीब 20 दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी। इसी बीच उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि धूपा गर्भवती थी, ऐसे में उसकी मौत कई गंभीर सवाल खड़े करती है। परिजनों का आरोप है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सूचना मिलने पर इटवा थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।