शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर जिले की ढेबरुआ थाना पुलिस और जनपदीय एसओजी की संयुक्त टीम ने डीजल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन ड्रम डीजल तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को खडौवाँ, थाना नवाबगंज (जनपद गोण्डा) निवासी आशीष यादव ने ढेबरुआ थाने में तहरीर देकर बताया था कि 16/17 जुलाई की रात करीब एक बजे इण्डस टावर कंपनी के लिए ओम ऑटोमोबाइल फिलिंग स्टेशन से डीजल लेकर जा रहे वाहन संख्या UP-32 ZN-7588 को ढेकहरी चौराहा और महादेव खुर्द गांव के बीच कुछ अज्ञात लोगों ने रोक लिया। चालक ऐनूल उर्फ मोनू और उसके साथ मौजूद अकबर अली के साथ मारपीट की गई। कुछ देर बाद जब दोनों वाहन के पास पहुंचे तो उसमें रखा करीब 660 लीटर डीजल चोरी हो चुका था।
घटना के संबंध में थाना ढेबरुआ पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक कुमार द्विवेदी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान राप्ती मुख्य नहर स्थित धनौरा पुल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऐनूल उर्फ मोनू पुत्र अकबर अली तथा अकबर अली उर्फ दानिश अली पुत्र अनवर अली, निवासी गौरिया, थाना रानीपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन ड्रम डीजल और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।