खुर्जा। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित ओयो होटल में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की कार्रवाई की है। मौके से पुलिस ने तीन बालिग युवतियों को सकुशल बरामद करने के साथ ही तीन प्रेमी जोड़ों को हिरासत में लिया है। पुलिस की दस्तक होते ही होटल संचालक मौका पाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित होटल में अनैतिक गतिविधियों और युवतियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी का डीवीआर और अन्य सामग्री कब्जे में ले ली है। प्राथमिक जांच में होटल के एंट्री रजिस्टर और आईडी सत्यापन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जहां बिना पहचान पत्र जांचे कमरे दिए जा रहे थे। सीओ ने स्पष्ट किया कि तीनों युवतियां बालिग हैं और उन्हें सकुशल थाने लाकर उनसे तहरीर प्राप्त की जा रही है। प्राप्त आरोपों और सबूतों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, होटल की गतिविधियों और संचालन की निष्पक्ष पड़ताल के लिए एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। यदि होटल प्रबंधन दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर होटल को तुरंत सील करने और संचालक पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। एबीवीपी के जिला संयोजक मनोज चौधरी ने आरोप लगाया कि अवैध रूप से चल रहे इस होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि होटल के विरुद्ध जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता धरने पर बैठने के लिए बाध्य होंगे।