दुद्धी (सोनभद्र)।म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में सोमवार सुबह खेलते समय तीन माह के मासूम आयुष ने बालों में लगाने वाला क्लिप (क्लेचर) निगल लिया, जो गले में जाकर फंस गया। हादसे के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई, सांस लेने में तकलीफ होने लगी और वह बेहोश हो गया, जिससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजन बच्चे को तुरंत सीएचसी म्योरपुर ले गए, जहां भर्ती कराया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने फंसी वस्तु को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में ही अचानक गले में फंसा क्लिप बाहर निकल आया। इसके बाद परिजन बच्चे को पुनः तुरंत सीएचसी म्योरपुर ले आए, जहां उसका इलाज चल रहा है। वस्तु के टुकड़े के गले से निकलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।

